रेलवे के 3 लाख रिक्त पदों में से 2.94 लाख पदों को भरने हेतु ऑफीसियल नोटिफिकेशन जारी

रेलमंत्री पीयूष गोयल ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा में दी है यह जानकारी

भारतीय रेल में कुल स्वीकृत 15,24,127 पदों में से वर्तमान में रिक्त हैं कुल 3,06,227 पद

भारतीय रेल में रेलकर्मियों के करीब 3 लाख से अधिक पद खाली हैं। ऐसी खबर है कि इनमें 2.94 लाख पदों को भरने के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।

रेलमंत्री पीयूष गोयल ने यह जानकारी शुक्रवार, 13 दिसंबर को राज्यसभा में पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी है।

रेलमंत्री ने सदन को बताया कि रेलवे में स्वीकृत पदों की कुल संख्या 15,24,127 है। इनमें से 12,17,900 पद भरे हुए हैं और कुल 3,06,227 पद खाली हैं। रेलमंत्री गोयल ने बताया कि 2.94 लाख रिक्तियों के लिए 7 रोजगार अधिसूचनाएं जारी की गई हैं और 4 रोजगार अधिसूचनाओं के लिए भर्ती प्रकिया पूरी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जोनों और मंडलों में 90,890 व्यक्तियों ने या तो अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है या फिर जल्दी ही कर लेंगे। गोयल ने चालू वित्त वर्ष की समाप्ति से पहले शेष 62,928 व्यक्तियों द्वारा कार्यभर ग्रहण किए जाने की संभावना जताई है।

उन्होंने कहा कि अन्य तीन अधिसूचनाओं के लिए भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। रेलमंत्री के बताए अनुसार, राजपत्रित पदों के लिए संघ लोक सेवा आयोग को 601 रिक्तियों के मांग पत्र भेजे गए हैं, जिनमें डॉक्टरों के 200 पद भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया वर्ष 2019-20 में सेवानिवृत्त होने वाले रेल कर्मचारियों की कुल संख्या करीब 47,000 और अगले वर्ष 2020-21 में सेवानिवृत्त होने वाले रेल कर्मचारियों की संख्या लगभग 41,000 है।