परेल-प्रभादेवी फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण विलंबित! क्या पुनः हो रहा है किसी हादसे का इंतजार?

मध्य रेलवे के परेल और पश्चिम रेलवे के प्रभादेवी स्टेशन को जोड़ने वाले फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्धारित निरीक्षण नवंबर 2019 में होना था। नवंबर महीना बीत चुका है, परंतु मध्य रेलवे, मुंबई मंडल ने इसके निरीक्षण का अब तक कोई कार्यक्रम नहीं बनाया है।

उल्लेखनीय है कि सितंबर 2017 को इस ओवरब्रिज पर बारिश से बचने के लिए भीड़ में हुए भीषण हादसे ने 29 उपनगरीय रेलयात्रियों को मौत के मुंह में ढ़केल दिया था।

इस हादसे के बाद ही रेलवे के इंजीनियरों को साइड लाइन करते हुए रेलमंत्री पीयूष गोयल ने रक्षा मंत्रालय की इंजीनियरिंग कोर से आनन-फानन में इस ओवरब्रिज का निर्माण करवाया था।

ओवरब्रिज पर लगा नोटिस बोर्ड इस बात की तस्दीक कर रहा है कि इसका निरीक्षण नवंबर 2019 में तय है, परंतु इस निरीक्षण का निर्धारित समय बीत चुका है। रेलयात्रियों और रेलयात्री संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि रेलवे का इंजीनियरिंग विभाग इसके निरीक्षण के लिए शायद पहले जैसे ही किसी हादसे का इंतजार कर रहा होगा।