कार्मिक शाखा/झांसी मंडल द्वारा किए गए सराहनीय कार्य

प्रयागराज ब्यूरो: उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मंडल द्वारा नित नये आयाम प्राप्त किए जा रहे हैं। इन आयामों की प्राप्ति महाप्रबंधक/उ.म.रे. प्रमोद कुमार एवं मंडल रेल प्रबंधक झांसी आशुतोष के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में फलित हो रहा है।

बीते डेढ़ साल का समय रेल परिवार एवं झांसी मंडल के लिए भी काफी मुश्किल एवं कठिनाइयों से भरा हुआ रहा है। रेल परिवार ने कोविड महामारी की दूसरी लहर का सामना किया, जिसमें रेल परिवार के काफी सदस्यों के असामयिक निधन से उनके परिवारों को काफी कठिन परिस्थितियों और आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ा।

चूंकि कार्मिक विभाग हेतु उसके कर्मचारी एक अमूल्य निधि हैं। अत: उनके दुःख में शामिल होते हुए, झांसी मंडल कार्मिक शाखा द्वारा कोविड के कारण मृत कर्मचारियों के परिवारों की आर्थिक परेशानियों का शीघ्रातिशीघ्र निराकरण करने के अथक प्रयास किए गए हैं।

इसी क्रम में कोविड काल के दौरान कुल 59 मृत्यु प्रकरण झांसी मंडल कार्मिक शाखा में अधिसूचित हुए। उक्त सभी प्रकरणों में कार्मिक विभाग द्वारा एक माह के रिकॉर्ड समय में सभी मृतक आश्रित परिवारों को उनके देयकों का भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया गया तथा मृतक आश्रित परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने के क्रम में 58 प्रकरणों में वांछित कार्यवाही भी पूरी की जा चुकी है, जो कि कार्मिक शाखा के संयुक्त प्रयास को प्रदर्शित करता है।

कोविड पीरियड के दौरान कार्मिक शाखा द्वारा अपने अन्य सदस्यों की आर्थिक प्रगति सुनिश्चित करने हेतु भी कार्मिक शाखा झांसी मंडल द्वारा निरंतर प्रयास किए गए, जिसके फलस्वरूप कार्मिक शाखा द्वारा रिकॉर्ड समय में कर्मचारियों के हित में पदोन्न्ति प्रक्रिया को पूरा किया गया।

इसके तहत कर्मिक शाखा द्वारा स्टेशन प्रबंधक वर्ग में 36, कांटेवाला वर्ग में 9 एवं शंटिंग मास्टर वर्ग में 19 पदोन्नतियां की गईं तथा अन्य सभी विभागों में देय लगभग 450 एमएसीपी परिलाभों को पूरा करने का कार्य कार्मिक शाखा द्वारा रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है।

मानव शक्ति नियोजन किसी भी संगठन की सफलता का मूल मंत्र है। उक्त मानव शक्ति के नियोजन हेतु उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल की कार्मिक शाखा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रगति पथ पर निरंतर अग्रसर रहते हुए उपलब्धियों के नए आयाम हासिल कर रहा है।