झांसी मंडल का माल लदान एवं राजस्व अर्जन में बेहतर प्रदर्शन
झांसी मंडल, उत्तर मध्य रेलवे कोविड-19 के दौरान विषम परिस्थितियों के बावजूद झांसी मंडल निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है।
अक्टूबर 2020 में मंडल द्वारा एक दिन17.10.20 को सर्वाधिक 633 वैगन पर लगभग 33 हजार टन माल लदान करते हुए 3.20 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जन किया गया। यह प्रदर्शन इसी वित्तीय वर्ष 2020-21 के 22 जून 2020 को लदान किए गए 595 वैगनों के लदान पर 30 हजार टन माल से प्राप्त राजस्व 2.95 करोड़ रुपये से 8.4 प्रतिशत अधिक रहा।
इस प्रकार झांसी मंडल ने माल लदान एवं राजस्व अर्जन के लक्ष्यों को पीछे छोड़कर नए कीर्तिमान स्थापित किए। झांसी मंडल की यह उपलब्धि इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि इस मंडल की परिधि में रेलवे के माल लदान में मुख्यतः योगदान करने वाले प्राकृतिक संसाधन जैसे कोयला और लौह अयस्क आदि जैसे भारी जिंस उपलब्ध नहीं हैं।
मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित के नेतृत्व तथा सक्रिय प्रयासों का ही प्रतिफल है कि वर्तमान ग्राहकों द्वारा प्रेरित होकर अधिक माल लदान किया गया।
झांसी मंडल का माल लदान में लक्ष्यों को पार करना इस परिक्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा संकेत है और यह दर्शाता है कि अत्यधिक प्रतिस्पर्धा वाले इस सेगमेंट में झांसी मंडल प्रगति पथ पर निरंतर अग्रसर है।

