रेल प्रशासन ने स्टेशनों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई मास्क एवं सैनीटाइजर की सुविधा

झांसी: रेलयात्रियों को यात्रा के दौरान प्लेटफार्म पर असुविधा से बचने के लिए उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशनों के कैटरिंग स्टालों पर सेनीटाइजर एवं मास्क उपलब्ध कराए गए हैं। सभी मास्क और सैनीटाइजर न्यूनतम दरों पर दिए जा रहे हैंI जिन्हें यात्री अपनी आवश्यकतानुसार खरीद सकते हैं। इसके साथ-साथ सभी कार्यालयों को निरंतर विसंक्रमित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि रेल प्रशासन द्वारा कोविड-19 के दृष्टिगत झाँसी मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आवश्यकतानुसार श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में खानपान व्यवस्था कराई जा रही है। मंडल द्वारा 5 मई से 17 जून तक 404 श्रमिक स्पेशल गाड़ियों में लगभग 5 लाख भोजन पैकेट्स वितरित किए गए हैं। इस दौरान रेल कर्मचारियों द्वारा मास्क और फेस कवर धारण कर पूर्ण सुरक्षा सहित यह कार्य किया जा रहा है।

रेल प्रशासन द्वारा कोविड-19 के संक्रमण से रोकथाम हेतु निरंतर प्रयास कर रहा है। सिर्फ कन्फर्म टिकट धारकों को प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया जा रहा है। प्रवेश देने से पूर्व सुनिश्चित किया जा रहा है कि टिकट धारक फेस कवर मास्क आदि धारण किए हों, तथा उनके हाथ भी सेनेटाइज्ड हों। यात्रियों से अनुरोध है कि किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए यथासंभव खाने-पीने का सामान अपने साथ लेकर चलें।