सीनियर डीएससी/दिल्ली मंडल के अभद्र व्यवहार से त्रस्त हैं आरपीएफ कर्मी

विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे की सीनियर डीएससी द्वारा दीपावली और छठ पूजा के मौके पर दिल्ली से बाहर के आरपीएफ जवानों को बुलाकर दिल्ली में ड्यूटी कराई गई।

जबकि उन्होंने अपने मातहत काफी आरपीएफ जवानों को अकारण और बेमतलब के आरोपों में निलंबित कर रखा है।

आरपीएफ जवानों का कहना है कि निलंबित जवानों को बहाल करके उनसे ऐसे मौके पर ड्यूटी करवाई जा सकती थी। परंतु सीनियर डीएससी अपने अहंकार के चलते रेल राजस्व का नुकसान करने में ज्यादा रुचि रखती हैं।

आरपीएफ जवानों का कहना है कि सीनियर डीएससी द्वारा खुद महिला होने के बावजूद महिला/पुरुष कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर तक को अभद्र भाषा से संबोधित किया जाता है।

उनका कहना है कि महिला/पुरुष आरपीएफ जवानों को उनकी अभद्र और असंवैधानिक भाषा सुनकर और गाली-गलौज वाला तुच्छ व्यवहार देखकर अत्यंत शर्मिंदगी महसूस होती है, परंतु उन्हें ऐसा करते हुए कभी कोई शर्म महसूस नहीं होती।

उन्होंने कहा कि सीनियर डीएससी द्वारा बुलाई गई क्राइम मीटिंग में खाने के नाम पर राजस्व की हानि हो रही है। परंतु कोरोना में जहां आम आदमी पस्त है, वहीं सीनियर डीएससी मदमस्त हैं, पर वरिष्ठ आरपीएफ अधिकारियों को उनकी यह अभद्रता और मनमानी कतई दिखाई नहीं दे रही है।

यही नहीं, सीनियर डीएससी, दिल्ली मंडल की इस तमाम मनमानी और अभद्रतापूर्ण व्यवहार की खबरें सोशल मीडिया पर भी आरपीएफ कर्मियों द्वारा शेयर की जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि भोपाल, झांसी और लखनऊ आदि मंडलों में जहां भी इन सीनियर डीएससी महोदया की तैनाती रही है, वहां-वहां भी इनके कारनामे आज भी चटखारे लेकर बयान किए जाते हैं।

तथापि आरपीएफ जवानों का कहना है कि “हम कभी नहीं सुधरेंगे” की तर्ज पर “कल्लोरानी” की “एक्सट्रा ऑर्डिनरी” गतिविधियां बदस्तूर जारी हैं!

जबलपुर स्टेशन पर नाबालिग यात्री के पास आरपीएफ ने बरामद की ₹50 लाख की नकदी

आरपीएफ के जवानों द्वारा चेकिंग के दौरान की गई जप्ती, आयकर विभाग को दी गई जानकारी

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने दो नाबालिग लड़कियों को पकड़ा। इनमें से एक के पास से बैग में रखे ₹50 लाख नकद बरामद हुए। चेकिंग के दौरान आपाधापी के चलते एक नाबालिक लड़की मौके से फरार हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरामद रुपया हवाला का बताया जा रहा है। डीएससी/आरपीएफ जबलपुर मंडल अरुण कुमार त्रिपाठी ने मामले की जांच के लिए इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों को रकम की बरामदगी के बारे में सूचित किया।

आयकर विभाग की टीम सोमवार, 30 नवंबर की सुबह जांच के लिए जबलपुर स्टेशन पहुंची। जिस नाबालिग लड़की के पास नकदी मिली, उसे जबलपुर स्टेशन पर स्थित आरपीएफ थाने में रखा गया।